गोण्डा । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद भ्रमण एवं छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरण कार्यक्रम को सकुशल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी रमेश रंजन एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने गुरुवार को टॉमसन इंटर कॉलेज पहुंचकर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को उनके निर्धारित दायित्वों और जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि टैबलेट वितरण कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। सभी अधिकारी अपने-अपने निर्धारित दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। कार्यक्रम स्थल पर बैठने, पार्किंग, मंच, लाभार्थियों के आवागमन और टैबलेट वितरण की व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे तथा आवागमन सुचारु बनाए रखा जाए। सभी पुलिसकर्मी निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचकर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।