हलधरमऊ। राजकीय बीज भंडार हलधरमऊ में किसानों को रबी की फसलों की बुवाई के लिए सरसों और गेहूं की विभिन्न उन्नत प्रजातियों के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बीज भंडार के गोदाम प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि केंद्र पर सरसों और गेहूं की कई प्रजातियों के बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने पहले से पंजीकरण कराया है और लॉटरी प्रणाली के तहत जिनका नाम चयनित हुआ है, उन्हें नियमानुसार बीज वितरित किए जा रहे हैं। किसानों को बीज उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें उन्नत किस्मों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना और फसल का बेहतर उत्पादन सुनिश्चित करना है।
गोदाम प्रभारी ने किसानों से अपील की कि वे बीज प्राप्त करने के बाद बुवाई से पहले भूमि शोधन और बीज शोधन की प्रक्रिया अवश्य अपनाएं। इससे फसलों को रोगों से बचाने में मदद मिलेगी और बेहतर पैदावार प्राप्त की जा सकेगी।