कुशीनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। गोरखपुर मंडल के आयुक्त इंद्र विक्रम सिंह और पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने और सभी पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया गया।
युवाओं और नवविवाहित महिलाओं के नाम प्राथमिकता से जोड़ें
बैठक को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं तथा विवाह के बाद क्षेत्र में आई नवविवाहित महिलाओं के नाम प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
मृत मतदाताओं के नाम विलोपित करने से पहले नियमानुसार नोटिस जारी करने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रेरित करने को कहा।
दावे-आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश

मंडलायुक्त ने सुपरवाइजरों को प्रतिदिन प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा प्रत्येक आवेदन की गहन जांच के बाद दावे एवं आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विधानसभावार जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया।
उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यालयों और महाविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से नए मतदाताओं को जागरूक करने को कहा। इस अभियान में आशा, एएनएम और अन्य विभागों के क्षेत्रीय कर्मचारियों का सहयोग लेने के भी निर्देश दिए गए।
स्वीप गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों में तेजी लाने पर जोर
स्वीप गतिविधियों के तहत ग्राम पंचायतों और सरकारी भवनों पर मतदाता जागरूकता संबंधी होर्डिंग लगवाने के साथ नुक्कड़ नाटक, सास-बहू सम्मेलन सहित अन्य जागरूकता कार्यक्रमों में तेजी लाने को कहा गया।
मंडलायुक्त ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित करें और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में प्रशासन का सहयोग करें। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिलाधिकारी की ओर से संचालित ट्विन बूथ एक्टिविटी की मंडलायुक्त ने सराहना करते हुए इसे अभिनव पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के नवाचारों से नए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने में मदद मिलेगी। पोलियो ड्रॉप पिलाने के लिए घर-घर पहुंचने वाली महिलाओं के माध्यम से भी पात्र मतदाताओं को चिह्नित कर उनके नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया।

मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने संबंधित क्षेत्राधिकारियों और उपजिलाधिकारियों को संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ पुलिस बल के ठहरने की समुचित व्यवस्था का पहले से आकलन कर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा तस्करी, अवैध शराब, अवैध असलहों और वांछित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के सुझावों पर हुई चर्चा
बैठक के अंत में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की ओर से दिए गए सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर विधायकगण, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अन्य संबंधित अधिकारी और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।