बाराबंकी : बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर बुधवार को रामपुर खरगी के पास जनता फूड के सामने ओवरटेक करने के दौरान क्रेटा कार और वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए। इनमें पांच की हालत गंभीर बताई गई है। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ा गांव पहुंचाया गया।
ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, बुधवार 25 नवंबर को क्रेटा कार संख्या यूपी 40 एडी 6169 बहराइच से बाराबंकी की ओर जा रही थी। कार को बहराइच के बक्शीपुर निवासी सौरभ पटेल चला रहे थे। इसी दौरान बाराबंकी की तरफ से आ रही वैन संख्या यूपी 32 जेडएन 7546 से ओवरटेक करते समय उसकी टक्कर हो गई। वैन चालक की पहचान लखनऊ के कैसरबाग बस अड्डा निवासी साजिद अली पुत्र मोहम्मद रफीक के रूप में हुई है।

पांच गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची सीसी टीम रामनगर ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को तत्काल सीएचसी बड़ा गांव पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की आवश्यक कार्रवाई
सीसी टीम रामनगर के प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उनके परिजन भी साथ मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है। पुलिस टीम मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।