लखीमपुर खीरी। खंभारखेड़ा चीनी मिल में गन्ने की खरीद को लेकर किसानों का आक्रोश सामने आया। 9709 प्रजाति के गन्ने की खरीद सामान्य गन्ने की तरह किए जाने की मांग को लेकर किसानों ने मिल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध जताते हुए कई किसान गन्ने के डोंगे में बैठ गए, जिसके चलते चीनी मिल का संचालन ठप हो गया और गन्ने की पेराई प्रभावित हुई।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान मिल परिसर में एकत्र हुए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि 9709 प्रजाति के गन्ने को अलग श्रेणी में रखकर खरीदे जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि इस प्रजाति के गन्ने की खरीद भी सामान्य गन्ने की तरह की जाए, ताकि उन्हें उचित मूल्य मिल सके।
किसानों ने बताया कि उन्होंने इस गन्ने की खेती में मेहनत और लागत लगाई है, लेकिन मिल की ओर से इसे अलग श्रेणी में रखने के कारण उन्हें नुकसान हो रहा है। किसानों ने सवाल उठाया कि जब गन्ने की खेती में किसानों की लागत और मेहनत समान है, तो खरीद के दौरान भेदभाव क्यों किया जा रहा है।
किसानों ने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी उठाए सवाल
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने मिल के डायरेक्टर और अध्यक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा कि किसानों की समस्या के समय जिम्मेदार लोग कहां हैं। उन्होंने भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों से भी किसानों की मांगों पर आवाज उठाने की अपील की। किसानों का कहना था कि चुनाव के समय किसान हितों की बात करने वाले लोग संकट के समय किसानों के बीच नजर नहीं आते।
किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक 9709 प्रजाति के गन्ने की खरीद सामान्य गन्ने की तरह करने की मांग स्वीकार नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, मिल प्रबंधन ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस भी मौजूद रही। किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखने की बात कह रहे हैं।