खोड़ारे (गोंडा)। थाना क्षेत्र के अलीनगर तिवारीजोत गांव में बृहस्पतिवार को 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के गैंडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के मुरलिया निवासी शिला देवी पत्नी बृजमोहन ने अपनी बेटी संजनी देवी की शादी पांच मई 2026 को खोड़ारे थाना क्षेत्र के अलीनगर तिवारीजोत निवासी आशीष कुमार पुत्र रामशब्द के साथ की थी। मृतका की मां शिला देवी के अनुसार, 19 नवंबर की सुबह करीब सात बजे उनकी बेटी के सास-ससुर ने फोन कर बताया कि संजनी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे तो संजनी का शव फंदे से उतारकर कमरे में रखा हुआ था।
मृतका की मां ने बताया कि उसका दामाद आशीष कुमार करीब एक सप्ताह पहले ही मुंबई चला गया था। घर पर संजनी के सास-ससुर और तीन बेटियां मौजूद थीं। मायके पक्ष ने बेटी की मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी मनकापुर उदित नारायण पालीवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। थाना अध्यक्ष तेज नारायण गुप्ता ने बताया कि फील्ड यूनिट मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।