सोनभद्र। ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम कसते हुए सोनभद्र पुलिस ने बड़ौली चौराहे पर 500 से अधिक प्रेसर हॉर्न, हूटर तथा मॉडिफाइड साइलेंसर बुलडोजर से नष्ट कराए। यातायात जागरूकता माह के दौरान जब्त किए गए ये प्रतिबंधित उपकरण नष्ट करने का उद्देश्य शोरगुल करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त संदेश देना था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए गए अभियान का मार्गदर्शन एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने किया। कार्रवाई के दौरान सीओ ट्रैफिक सुधीर सिंह और सीओ सिटी रणधीर मिश्रा मौजूद रहे, जबकि यातायात प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह ने अभियान का नेतृत्व किया।यातायात जागरूकता माह के दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न हिस्सों में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन वाहनों को चिह्नित किया गया, जिनमें नियमों के विपरीत तेज आवाज वाले प्रेसर हॉर्न, हूटर और अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे।

जब्त किए गए उपकरणों को बड़ौली चौराहे पर बुलडोजर से सार्वजनिक रूप से नष्ट कराया गया। पुलिस का कहना है कि इससे वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और ध्वनि प्रदूषण से बचने का संदेश दिया जाएगा।

सोनभद्र पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रेसर हॉर्न, हूटर या अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर अपने वाहनों में न लगाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का मानना है कि तेज आवाज वाले हॉर्न और साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और अस्पतालों के आसपास रहने वालों को परेशान भी करते हैं।