लखीमपुर खीरी। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित संगोष्ठी कक्ष में SJPU/AHT थाना जनपद खीरी की मासिक समन्वय बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, बाल कल्याण अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह, महिला कल्याण विभाग से अनुज कुमार चतुर्वेदी, जिला बाल संरक्षण इकाई से कय्यूम अली, श्रम विभाग से प्रियंका वर्मा, वन स्टॉप सेंटर से सोमवती, रश्मि चतुर्वेदी, विजेता गुप्ता एवं प्रतिज्ञा सिंह, चाइल्डलाइन खीरी से अंजुम परवीन, मानव सेवा संस्थान से महेश कुमार राणा एवं अवधेश कुमार, एसोसिएशन फॉर वालेंटियर एक्शन से सहायक परियोजना अधिकारी राजबहादुर तथा जीआरपी लखीमपुर खीरी से उप निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और बाल कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।
किशोर न्याय अधिनियम और एसओपी के अनुपालन पर जोर
बैठक में पूर्व में जारी कार्यवृत्त के अनुपालन की समीक्षा की गई। इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी एसओपी को पढ़कर सभी उपस्थित अधिकारियों को सुनाया गया। यह एसओपी इलाहाबाद हाईकोर्ट की किशोर न्याय समिति द्वारा किशोर न्याय अधिनियम 2015 के प्रभावी अनुपालन तथा किशोर न्याय बोर्डों के आदेशों के त्वरित संप्रेषण और अनुपालन के लिए जारी की गई है।
बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा
बैठक में थानों पर नियुक्त बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों के समक्ष आने वाली समस्याओं और उनके सुझावों पर चर्चा की गई। इसके अलावा पीड़ितों को आश्वासन देने, बाल गुमशुदगी, बाल श्रम, नशा मुक्ति अभियान, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम, लैंगिक समानता और नारी शक्ति जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
किशोर न्याय अधिनियम 2015 में हुए नवीनतम संशोधनों, पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत होने के 24 घंटे के भीतर सीडब्ल्यूसी को सूचना देने तथा पुलिस द्वारा फॉर्म ए और बी भरकर समय से संबंधित अधिकारियों को भेजने के विषय पर भी जोर दिया गया।
बैठक में बाल कल्याण अधिकारियों के कर्तव्यों के पालन, किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट, किशोर न्याय बोर्ड में रिमांड के लिए पुलिस अधिकारियों के सादे वस्त्रों में उपस्थित होने तथा जे.जे. एक्ट की धारा 24 से संबंधित प्रावधानों पर चर्चा की गई।
इसके साथ ही पॉक्सो मामलों में अभियुक्तों की जमानत से संबंधित माननीय उच्च न्यायालय से प्राप्त बेल नोटिस को बाल कल्याण समिति एवं वादी/पीड़िता तक समय से पहुंचाने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से विचार किया गया।
बाल विवाह के खिलाफ ली गई शपथ
बैठक के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली। बैठक में बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों के संरक्षण और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।