हरदोई : जिले के संडीला थाना क्षेत्र में अपमान का बदला लेने के लिए एक युवक ने अपने ही साथी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, घटना से एक रात पहले मारपीट के दौरान सतीश ने आरोपी मनोज को मुर्गा बनाया था। इसी बात से नाराज मनोज ने अगली सुबह पीछे से बांके से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण सतीश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्यारोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया है।
रात में हुआ विवाद, मारपीट के बाद बनाया था मुर्गा
यह वारदात संडीला थाना क्षेत्र में नई सब्जी मंडी फ्लाईओवर के पास हुई। पुलिस के अनुसार, मृतक सतीश पुत्र रामकिशन निवासी ग्राम देवपाई मैहगवां, थाना अतरौली, संडीला कस्बे के एक कार वॉशिंग सेंटर पर काम करता था। इसी सेंटर पर मनोज कुमार पुत्र किशन कुमार निवासी अकबरपुर, थाना अतरौली भी काम करता था।
बताया गया कि घटना से एक रात पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान सतीश ने मनोज के साथ मारपीट की और उसे मुर्गा बनाया था। इस घटना से मनोज खुद को अपमानित महसूस कर रहा था।

सुबह शौच के लिए निकले सतीश पर पीछे से किया हमला
पुलिस के मुताबिक, अगली सुबह सतीश शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान मनोज ने पीछे से बांके से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से सतीश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
26 नवंबर को गिरफ्तार हुआ आरोपी, हत्या में इस्तेमाल बांका बरामद
24 नवंबर को नई सब्जी मंडी फ्लाईओवर के पास शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। मृतक के भाई प्रेमशंकर की तहरीर पर मनोज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने 26 नवंबर को आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बांका भी बरामद किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।