गोंडा। जिला अस्पताल गोंडा के ब्लड बैंक परिसर में रविवार को सत्यनारायण भगवान मंदिर परिवार एवं श्रद्धालुओं के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कई युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि सीओ सिटी योगेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि सीएमएस डाक्टर अनिल तिवारी एवं प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

कार्यक्रम के आयोजक गौरव पांडेय एवं आशुतोष शुक्ला ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। युवाओं को ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

आनंद शुक्ला (एडवोकेट) एवं सिद्धार्थ शुक्ला (जिलाध्यक्ष, ब्राह्मण चेतना परिषद) ने कहा कि जिला अस्पताल में अक्सर रक्त की कमी हो जाती है। ऐसे शिविरों के आयोजन से ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता बनी रहती है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार जताया।

कार्यक्रम में तरुण शुक्ला, राजेश कुमार गौड़, अंशुमान पांडेय एवं आशुतोष सिंह सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।

शिविर में गौरव पांडेय, आशुतोष सिंह, शिवम पाठक, शशांक दुबे, बृजेश गौड़, राजेश गौड़, स्कंद प्रताप सिंह, धीरेन्द्र सिंह, संदीप त्रिपाठी, गौरव प्रताप सिंह, आशुतोष शुक्ला, कृष्णकांत तिवारी एवं पंकज तिवारी सहित कई लोगों ने रक्तदान किया।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सकों एवं ब्लड बैंक कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।