बाराबंकी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जहांगीराबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट की घटना से संबंधित दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक गड़ासा भी बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्त सगे भाई बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना जहांगीराबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 268/2026 के तहत वांछित चल रहे अंकित पुत्र विजय कुमार और रामशंकर पुत्र विजय कुमार निवासी ग्राम सदरुद्दीनपुर, थाना जहांगीराबाद को 21 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक गड़ासा बरामद किया है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राम प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार प्रजापति, हेड कांस्टेबल नरेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल सुरेश चंद्र, कांस्टेबल आशीष सेंगर और कांस्टेबल सौरभ प्रजापति शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।