रूपईडीह। ब्लॉक रूपईडीह की ग्राम पंचायत बराहेमा में बनाया गया कूड़ा प्रबंधन केंद्र इन दिनों महज शोपीस बनकर रह गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र का निर्माण होने के बावजूद आज तक यहां ताला लटका हुआ है। ऐसे में गांव से निकलने वाले कूड़े के एकत्रीकरण और उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था धरातल पर दिखाई नहीं दे रही है।

सरकार की ओर से गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा एकत्रित कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर उससे उपयोगी खाद तैयार करने की योजना पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए ग्राम पंचायतों में कूड़ा प्रबंधन केंद्रों का निर्माण कराया गया है। लेकिन पहाड़ी बार में केंद्र के संचालन की स्थिति सवालों के घेरे में है।
ग्रामीण पवन कुमार, रविन्द्र कुमार, जियाउल का कहना है कि केंद्र बंद रहने के कारण कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। यदि केंद्र का नियमित संचालन नहीं किया गया तो निर्माण पर खर्च की गई सरकारी धनराशि का उद्देश्य पूरा होना मुश्किल है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से केंद्र का संचालन शुरू कराने और व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।
इस संबंध में ब्लॉक रूपईडीह के पंचायत सहायक अधिकारी गिरिजेश पटेल ने बताया कि मौके पर जांच कराई जाएगी। कूड़ा प्रबंधन केंद्र की व्यवस्था में जो भी कमी होगी, उसे दूर कराकर केंद्र की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।
रिपोर्टः श्री प्रकाश शुक्ला (ब्लॉक संवाददाता, रूपईडीह)