गोंडा। मतदाता सूची को अपडेट करने और पात्र नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गोंडा सदर के गोनार्द लॉन में ‘मतदाता जोड़ो कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में गोंडा सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में 50 हजार से अधिक नए नाम जोड़ने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क अभियान चलाने, नए मतदाताओं से फॉर्म-6 भरवाने और मतदाता सूची में दर्ज गलतियों को ठीक कराने की जानकारी दी गई।

कार्यशाला के दौरान ऑनलाइन पंजीकरण और वोटर हेल्पलाइन ऐप के इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया गया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की।
बूथ स्तर पर नए मतदाताओं तक पहुंचने पर जोर

जिला प्रभारी एवं मुख्य वक्ता राहुल राज रस्तोगी ने कहा कि बूथ स्तर के प्रमुख और मंडल अध्यक्ष लोगों तक पहुंचकर नए मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाने का काम करें। उन्होंने कटे हुए मतदाताओं के नाम जल्द से जल्द एसएआर सूची में शामिल कराने की बात भी कही।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, क्षेत्रीय महामंत्री राहुल राज रस्तोगी, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख आशीष कुमार मिश्रा सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने भी कार्यशाला में भाग लिया।