बांदा। अतर्रा ग्रामीण क्षेत्र के अंश गया प्रसाद पुरवा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगा बिजली का पोल और परिसर के बीच से गुजर रही केबल बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बनी हुई है। विद्यालय में 55 छात्र पंजीकृत हैं, जिनमें गुरुवार को 41 छात्र उपस्थित रहे। इसके बावजूद परिसर में बिजली के पोल और केबल की मौजूदगी से कभी भी हादसे की आशंका बनी रहती है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामकृष्ण चौरसिया के मुताबिक, विद्यालय परिसर में करीब 1.32 लाख रुपये की लागत से बिजली का पोल लगाया गया है। इसके अलावा परिसर के बीच से बिजली की केबल भी गुजारी गई है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

प्रधानाध्यापक ने बताया कि इस समस्या के संबंध में कई बार विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। विद्यालय परिसर में बिजली के पोल और केबल की मौजूदगी से बच्चों के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।

उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बिजली के पोल और केबल को विद्यालय परिसर से हटवाने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित शैक्षणिक माहौल मिल सके।