लखीमपुर खीरी। स्पोर्ट्स स्टेडियम लालपुर में दो दिनों से चल रही जनपद स्तरीय परिषदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का शनिवार को पुरस्कार वितरण एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता में पलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि निघासन उपविजेता रहा। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बच्चों ने प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्राथमिक बालक वर्ग में मितौली के पूरन और नकहा के अर्पित संयुक्त रूप से चैंपियन बने। प्राथमिक बालिका वर्ग में बांकेगंज की सादिया ने चैंपियनशिप हासिल की। वहीं उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में मितौली के नावेद ने शानदार प्रदर्शन कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
खेलों से बच्चों में विकसित होती है अनुशासन और नेतृत्व की भावना
समापन समारोह में प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हृदय शंकर लाल श्रीवास्तव ने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण टीम भावना और अनुशासन होता है। खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी नीरज कुमार मौर्य ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बच्चों, शिक्षकों और आयोजन व्यवस्था में जुटी टीम की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों से आगामी मंडलीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन
समारोह में विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोकगीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उनके शिक्षकों के साथ मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।
विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान
प्राथमिक बालक वर्ग: लंबी कूद में मितौली के पूरन प्रथम, नकहा के अर्पित द्वितीय और पसगवां के पीयूष तृतीय रहे। कबड्डी में नकहा विजेता और निघासन उपविजेता बना।
प्राथमिक बालिका वर्ग: लंबी कूद में रमियाबेहड़ की शिखा प्रथम, फूलबेहड़ की सिफा द्वितीय और निघासन की रागिनी तृतीय रहीं। कबड्डी में पलिया विजेता और ईसानगर उपविजेता रहा।
उच्च प्राथमिक बालक वर्ग: लंबी कूद में बांकेगंज के चंदन प्रथम, मितौली के नावेद द्वितीय और लखीमपुर के सावन सिंह तृतीय रहे। कबड्डी में बांकेगंज विजेता और पलिया उपविजेता बना। बैडमिंटन में रमियाबेहड़ प्रथम और बांकेगंज द्वितीय रहा। लोकगीत में बेहजम प्रथम, रमियाबेहड़ द्वितीय और नकहा तृतीय रहा। योगासन में बांकेगंज प्रथम, बेहजम द्वितीय और नकहा तृतीय रहा। राष्ट्रीय एकांकी में ईसानगर प्रथम और मितौली द्वितीय रहा।
उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग: लंबी कूद में निघासन की कल्पना प्रथम, बिजुआ की अंशिका द्वितीय और पलिया की अंशिका तृतीय रहीं। कबड्डी में बांकेगंज विजेता और मोहम्मदी उपविजेता रहा। बैडमिंटन में बांकेगंज प्रथम और निघासन द्वितीय रहा। खो-खो में निघासन विजेता और नकहा उपविजेता बना। योगासन में बेहजम प्रथम, बांकेगंज द्वितीय और मोहम्मदी तृतीय स्थान पर रहा।
अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
समापन समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार त्रिपाठी, सुनील कुमार, यशवंत सिंह, सुनील कुमार सिंह, शीतल श्रीवास्तव, अरुण कुमार वर्मा, प्रशांत राठौर, डीसी अनुभव अवस्थी, जिला व्यायाम शिक्षक विवेक गुप्ता सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में प्रतिभागी बच्चे मौजूद रहे।