कुशीनगर। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द पर पुलिस ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पुलिस ध्वज को सलामी देकर देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल के योगदान को नमन किया।
पुलिस महानिदेशक का संदेश पढ़कर सुनाया
ध्वजारोहण के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पढ़कर सुनाया। संदेश में उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से संचालित विभिन्न अभियानों और उपलब्धियों का उल्लेख किया गया। इनमें मिशन शक्ति, ऑपरेशन कनविक्शन के तहत प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास तथा पुलिस भर्ती प्रक्रिया प्रमुख रूप से शामिल रहे।
संवेदनशीलता और पारदर्शिता से कार्य करने के निर्देश

इस अवसर पर एसपी केशव कुमार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक संवेदनशीलता, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ करें। आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने पर भी जोर दिया।
पुलिस बल की सेवा भावना को किया गया याद
पुलिस झंडा दिवस के आयोजन के माध्यम से पुलिस बल के गौरव, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को याद किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।