सोनभद्र। जिले के दुद्धी क्षेत्र में रविवार दोपहर अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि एक अन्य घायल को परिजन सीएचसी से बिना जानकारी दिए निजी अस्पताल लेकर चले गए। तीन घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में जारी है।

भैंस को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर गिरी बाइक

पहली घटना रविवार दोपहर करीब एक बजे एनएच-39 मार्ग पर दुद्धी कस्बे के वार्ड नंबर एक स्थित स्वीपर बस्ती के पास हुई। मलदेवा निवासी असरफी लाल (35) पुत्र मिश्रीलाल बाइक से दुद्धी से विंढमगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी बाइक के सामने भैंस आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे असरफी लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. मुस्कान ने प्राथमिक उपचार किया। सिर में गंभीर चोट और कंधे की हड्डी उतरने की आशंका के साथ समुचित व्यवस्था के अभाव में उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

तुर्रीडीह बाजार से घर लौटते समय हादसा, युवक जिला अस्पताल रेफर

दूसरी घटना में मुरता महुअरिया निवासी बलदेव उर्फ बासदेव (32) पुत्र कैलाश रविवार दोपहर करीब एक बजे तुर्रीडीह बाजार से अपने घर लौट रहे थे। बाजार से थोड़ा आगे पहुंचते ही उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही 102 एंबुलेंस के ईएमटी कुसुम यादव और चालक विजय राजभर मौके पर पहुंचे। दोनों घायल को लेकर सीएचसी दुद्धी पहुंचे। चिकित्सक डॉ. मुस्कान ने सिर में गंभीर चोट देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

महुली में दो बाइकों की टक्कर, मां-बेटे समेत तीन घायल

तीसरा हादसा विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली में दोपहर करीब दो बजे हुआ। पटेलनगर विंढमगंज निवासी पीयूष (20) पुत्र रमेश म्योरपुर से अपने घर लौट रहे थे। महुली के पास अचानक एक साइकिल सवार के सामने आ जाने से उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और विंढमगंज से दुद्धी की ओर जा रही दूसरी बाइक से टकरा गई।

इस हादसे में दूसरी बाइक पर सवार पटेलनगर विंढमगंज निवासी त्रिपुरारी (24) पुत्र गोविंद और उनकी मां चिंता देवी (60) सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। त्रिपुरारी के पैर और सिर में चोट आई है, जबकि चिंता देवी के हाथ में हल्की चोट लगी है।

वहीं, घायल पीयूष को उनके परिजन सीएचसी से बिना जानकारी दिए निजी अस्पताल लेकर चले गए।