लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा, स्थायित्व और विकास के क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है। प्रदेश के बजट, जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ के मंत्र के साथ उत्तर प्रदेश अपनी विरासत और आधुनिक विकास के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर रहा है। आज उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में देश-दुनिया के लिए प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश को लेकर देश में धारणा अच्छी नहीं थी, लेकिन अब इसमें बड़ा बदलाव आया है। वर्ष 2025 में करीब 1.56 करोड़ पर्यटक काशी, प्रयागराज, अयोध्या और मथुरा-वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 17 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होने से कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। एक्सप्रेसवे नेटवर्क के साथ प्रदेश के कई शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है और पहली रीजनल रैपिड रेल भी शुरू हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब अपनी नई पहचान बना रहा है और विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए कहा—“बड़ा सोचो, यूपी जैसा सोचो।”