लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में कांग्रेस ने पिछड़े वर्ग के वरिष्ठ नेता और कर्पूरी ठाकुर विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरा ठाकुर को पार्टी में शामिल किया है। उनके कांग्रेस में आने पर पार्टी नेताओं ने स्वागत और अभिनंदन किया। कांग्रेस ने इसे प्रदेश में सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्ग से जुड़े मुद्दों को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम बताया है।
12 साल तक रहे विधान परिषद सदस्य
कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, हीरा ठाकुर करीब 12 वर्षों तक उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य रहे हैं। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। पार्टी का कहना है कि उनके लंबे राजनीतिक और सामाजिक अनुभव से संगठन को लाभ मिलेगा।
राहुल गांधी की विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस में आने का दावा
कांग्रेस के अनुसार, हीरा ठाकुर ने राहुल गांधी की जनकल्याणकारी सोच और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ली है।
पार्टी का दावा है कि पिछड़े वर्गों के अधिकारों और जातिगत जनगणना जैसे मुद्दों पर कांग्रेस द्वारा उठाई जा रही आवाज ने भी उन्हें पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
सामाजिक न्याय के मुद्दे को मिलेगी मजबूती
कांग्रेस ने कहा कि हीरा ठाकुर के जुड़ने से पार्टी के पिछड़ा वर्ग विभाग को मजबूती मिलेगी। उनके अनुभव के जरिए उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्गों के अधिकार, सामाजिक न्याय और वंचित तबकों से जुड़े विषयों को और प्रभावी तरीके से उठाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई गई है।
पार्टी ने कहा कि शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस आगे भी अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
राकेश राठौर के साथ संगठन मजबूत करने की तैयारी
कांग्रेस के बयान के मुताबिक, हीरा ठाकुर पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही सीतापुर के सांसद राकेश राठौर के साथ मिलकर पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही गई है।
हीरा ठाकुर के कांग्रेस में शामिल होने को पार्टी उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्ग के बीच अपना संगठनात्मक आधार मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देख रही है।


