बाराबंकी। तहसील रामनगर के ग्राम पंचायत गणेशपुर में आयोजित ऐतिहासिक श्रीरामलीला के 15वें दिवस पर श्रीरामलीला कमेटी की ओर से भरत मिलाप कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान बैंक ऑफ इंडिया के सामने सड़क मार्ग के बीच भव्य मंच सजाया गया, जहां कलाकारों ने भगवान श्रीराम और उनके अनुज भरत के मिलन का भावपूर्ण मंचन किया। धार्मिक प्रसंग देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
रामलीला के मंचन में दिखाया गया कि भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूरा कर छोटे भाई लक्ष्मण, पत्नी माता सीता और परम भक्त हनुमान के साथ अयोध्या लौटते हैं। उधर, अयोध्या में भरत अपने बड़े भाई श्रीराम की प्रतीक्षा कर रहे होते हैं। उन्होंने संकल्प लिया था कि 14 वर्ष पूरे होते ही यदि प्रभु श्रीराम वापस नहीं लौटे तो वह अपने प्राण त्याग देंगे। निर्धारित समय बीतने पर जब श्रीराम के आगमन की सूचना नहीं मिलती तो भरत व्याकुल होकर चिता पर लेटने की तैयारी करने लगते हैं।

इसी बीच राजदरबार से सूचना मिलती है कि प्रभु श्रीराम अयोध्या लौट आए हैं। यह समाचार सुनते ही भरत की खुशी का ठिकाना नहीं रहता। वह भगवान श्रीराम की चरण पादुकाएं सिर पर रखकर उनसे मिलने पहुंचते हैं और उनके चरणों में नतमस्तक हो जाते हैं। दोनों भाइयों का मिलन होते ही वातावरण जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठता है।
यह प्रसंग भाई के प्रति प्रेम, त्याग, समर्पण और मर्यादा का संदेश देता है। भरत ने 14 वर्षों तक राजसिंहासन पर स्वयं बैठने के बजाय श्रीराम की चरण पादुकाओं को स्थापित कर उनके प्रतिनिधि के रूप में राज्य का संचालन किया था।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी रामनगर अरुण प्रताप सिंह के निर्देश पर उपनिरीक्षक रामशंकर यादव, उपनिरीक्षक संतोष दीक्षित, कांस्टेबल दीपक कुमार, उत्कृष्ट मिश्रा, अंकित सोनी और राहुल यादव सहित पुलिसकर्मी तैनात रहे।
इस अवसर पर श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण कुमार अवस्थी, महामंत्री चंद्र प्रकाश मिश्रा, मीडिया प्रभारी कृष्ण कुमार शुक्ला, डायरेक्टर अश्वनी कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष मनीष तिवारी, ललित कुमार अवस्थी, मोहित अवस्थी, गौरव अवस्थी सहित कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।