लखीमपुर खीरी (पलियाकलां)। लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तहसील पलिया के सभागार में ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी पुष्पक तोमर ने की। इस दौरान अधिक से अधिक युवाओं को मतदाता सूची में पंजीकृत कराने और शत-प्रतिशत वयस्कों का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में उपजिलाधिकारी पुष्पक तोमर ने ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि गांवों में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवाओं का मतदाता के रूप में पंजीकरण कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रह सके।
मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा राष्ट्रीय पर्व
एसडीएम ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा राष्ट्रीय पर्व है और प्रत्येक पात्र नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने मतदाता पंजीकरण के साथ-साथ पात्र युवाओं का मतदाता पहचान पत्र बनवाने में भी सहयोग करने के निर्देश दिए, जिससे गांवों में शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
ग्राम प्रधानों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक
बैठक में खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज सहित तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधान एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता बढ़ाने और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का संदेश दिया गया।