गोंडा : जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में 16 वर्षीय किशोर मोहम्मद हामिद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि बारात में शामिल किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर रूप से घायल हामिद को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

द्वार पूजा के लिए जा रही थी बारात, तभी हुआ विवाद

परिजनों के मुताबिक, 26 नवंबर को अहिरौली जोकहा निवासी रामकेवल शर्मा की बेटी मनीषा की शादी थी। गुरुवार रात करीब 11:15 बजे बाराती डीजे और रोड लाइट के साथ नाचते-गाते हुए लड़की पक्ष के घर द्वार पूजा के लिए जा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

बताया गया कि गांव का रहने वाला मोहम्मद हामिद (16), पुत्र झिनकन, भी बारातियों के साथ डांस कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके शरीर पर कई घाव हो गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में हुई मौत

हामिद के चाचा ताहिर ने बताया कि घटना के बाद गांव के शुभम मिश्रा और रमजान उसे बाइक से इलाज के लिए सीएचसी बभनजोत ले जा रहे थे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

चार भाइयों में सबसे छोटा था हामिद

परिजनों के अनुसार, हामिद के पिता झिनकन गांव में मजदूरी करते हैं। चार भाइयों में हामिद सबसे छोटा था। उसकी एक बहन भी है, जिसकी शादी गांव के लोगों ने चंदा जुटाकर वर्ष 2026 में कराई थी। हामिद अपने भाइयों के साथ मुंबई में रहकर मजदूरी करता था और करीब दो महीने पहले ही गांव लौटा था।

ड्रोन कैमरा और मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच

घटना जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर खोड़ारे थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार को पुलिस ने घटनास्थल से शादी में इस्तेमाल किया जा रहा ड्रोन कैमरा, वीडियो कैमरा और मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

सीओ मनकापुर उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि पुलिस ने शादी में चल रहे ड्रोन कैमरे और कुछ मोबाइल फोन कब्जे में लिए हैं। उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।