बाराबंकी : रामनगर तहसील के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेव धाम में आगामी 6 दिसंबर से महादेवा महोत्सव का भव्य आयोजन शुरू होगा। महोत्सव के तहत 9 दिसंबर को विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के प्रसिद्ध हास्य कवि, गीतकार, ओजस्वी कवि और कवयित्रियां अपनी रचनाओं के जरिए श्रोताओं को साहित्य और काव्य रस से सराबोर करेंगे।

देश के नामचीन कवियों को भेजा गया आमंत्रण

कवि सम्मेलन के लिए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की ओर से देश के कई चर्चित कवियों को आमंत्रित किया गया है। आमंत्रित रचनाकारों में प्रसिद्ध गीतकार विष्णु कुमार सक्सेना, प्रियांशु गजेंद्र, हास्य कवि शंभू शिखर, अभय सिंह निर्भीक, शिवकुमार व्यास, स्वयं श्रीवास्तव, कवयित्री कविता तिवारी, कवयित्री कृपा संगम और हास्य कवि अनिल चौबे शामिल हैं।

हास्य, व्यंग्य और वीर रस की प्रस्तुतियों से सजेगी शाम

महादेवा महोत्सव में होने वाला यह विराट कवि सम्मेलन साहित्य प्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहेगा। कार्यक्रम में कवि हास्य, व्यंग्य, वीर रस और गीतों के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

लोधेश्वर महादेव की पावन धरती पर आयोजित इस साहित्यिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। महोत्सव के जरिए धार्मिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों को एक मंच पर लाने की तैयारी की जा रही है।