गोंडा : करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र की नन्ही प्रतिभा आद्या मिश्रा को संविधान दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। महज चार वर्ष की उम्र में भारतीय संविधान की प्रस्तावना सुनाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराने वाली आद्या को भाजपा नेता एवं करनैलगंज विधानसभा के संभावित प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ‘पसका’ ने सम्मानित किया।
संविधान की पुस्तक और 51 हजार रुपये देकर किया सम्मानित
दिग्विजय सिंह ने आद्या को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्ची को संविधान की पुस्तक, गिफ्ट पैक, मिठाई, डायरी और पेन भेंट किए। साथ ही 51 हजार रुपये की नकद धनराशि देकर उसका उत्साहवर्धन किया।

38.38 सेकंड में सुनाई थी संविधान की प्रस्तावना
गोंडा के न्यू इंदिरा नगर कॉलोनी निवासी अरुण मिश्रा की पुत्री आद्या ने मात्र चार वर्ष की उम्र में भारतीय संविधान की प्रस्तावना को 38.38 सेकंड में सुनाया था। इस उपलब्धि के लिए उसका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ। इतनी कम उम्र में प्रस्तावना के कठिन शब्दों का स्पष्ट उच्चारण करना उसकी विशेष उपलब्धि मानी गई।
संविधान दिवस पर आद्या ने दिग्विजय सिंह को भी संविधान की प्रस्तावना सुनाई। बच्ची की प्रतिभा देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई और उसे सम्मानित किया।

आद्या की प्रतिभा पर जताया गर्व
इस मौके पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि जनपद की बेटी आद्या की जुबान पर मां सरस्वती विराजमान हैं। इतनी कम उम्र में संविधान की प्रस्तावना सुनाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आद्या का सम्मान करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने आद्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह खूब पढ़े, आगे बढ़े और अपने परिवार के साथ जनपद का नाम रोशन करे। साथ ही उन्होंने अन्य बच्चों को भी अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने के लिए प्रेरित किया।
गौरतलब है कि आद्या को इससे पहले भी जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से सम्मानित किया जा चुका है।