लखीमपुर खीरी। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक चलने वाले आईडीए अभियान के संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट के अटल सभागार में मीडिया संवेदीकरण बैठक आयोजित हुई। बैठक में फाइलेरिया से बचाव, अभियान के उद्देश्य और जनजागरूकता में मीडिया की भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फाइलेरिया जिसे आम भाषा में हाथी पांव की बीमारी कहा जाता है, मच्छरों के काटने से फैलता है। यह बीमारी एक बार हो जाने के बाद व्यक्ति को जीवन भर परेशान करती है, इसलिए इससे बचाव ही सबसे बड़ा उपाय है। अभियान के दौरान घर-घर जाकर स्वास्थ्य कर्मी लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाएंगे। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और सभी को अपने सामने खानी है।
अधिकारियों ने कहा कि फाइलेरिया से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी है, अभियान को सफल बनाने के लिए सभी की भागीदारी चाहिए। अक्सर लोग अफवाहों के कारण दवा खाने से डरते हैं, इसलिए मीडिया के माध्यम से सही जानकारी लोगों तक पहुंचाना बहुत जरूरी है। बैठक में मीडिया कर्मियों से अपील की गई कि वे अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करें और दवा के फायदों के बारे में बताएं।

बैठक में बताया गया कि आईडीए अभियान के तहत आइवरमेक्टिन, डीईसी और अल्बेंडाजोल की तीन दवाएं दी जाएंगी। दो साल से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं और गंभीर रूप से बीमार लोगों को यह दवा नहीं दी जाएगी। इसके अलावा बाकी सभी लोगों को यह दवा अवश्य खानी है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम बनाई गई है। विद्यालयों, गांवों और मोहल्लों में जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
अंत में अधिकारियों ने कहा कि फाइलेरिया मुक्त जिला बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। एक भी व्यक्ति दवा खाने से न छूटे, इसके लिए सभी को सहयोग करना होगा।