गोण्डा। जिले के झंझरी विकासखंड अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पंचायत टीनशेड के नीचे 2 नवंबर 2026 से दुसाध समाज के लोगों और लोक जनशक्ति पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारी समाज के लोगों को अनुसूचित जाति का जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं।

लोक जनशक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष भगवानदीन पासवान ने बताया कि 31 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को ज्ञापन सौंपकर जिला स्तरीय जाति प्रमाण पत्र सत्यापन समिति की बैठक कराने की मांग की गई थी।

पासवान के मुताबिक, समिति ने बैठक में साक्ष्यों, उम्र, रिश्तेदारी और रोटी-बेटी के संबंधों के आधार पर जांच-पड़ताल की थी। इसके बाद समिति ने जिले में दुसाध समाज के लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने का निर्णय लिया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि समिति के निर्णय को एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद संबंधित सत्यापन समिति की ओर से प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आदेश नहीं दिया गया है। इसी के विरोध में समाज के लोगों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक दुसाध समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी के खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कल्प त्रिपाठी ने कहा कि यदि जल्द प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए तो पार्टी मंडल से लेकर जिला स्तर तक सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

रिपोर्टः आदर्श पांडेय (ब्लॉक संवाददाता, झंझरी)