पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) : नगर में रविवार को शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और 26 नवंबर को लखनऊ में होने वाले संविधान रक्षा दिवस कार्यक्रम को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने की। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने और लखनऊ के कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की गई।
26 नवंबर को लखनऊ पहुंचेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता 26 नवंबर को लखनऊ पहुंचकर संविधान रक्षा दिवस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भी शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में हर हाल में सरकार बनाएगी, क्योंकि जनता भाजपा सरकार से ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई, बेरोजगारी, वोट चोरी और चंदा चोरी जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे और सरकार की नीतियों को उजागर करेंगे।

आजम खान की रिहाई को लेकर भी दिया बयान
आजम खान की रिहाई पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजेश गुप्ता ने कहा कि इसका आगामी चुनाव में भाजपा पर निश्चित रूप से असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि दुआ और बद्दुआ कभी खाली नहीं जाती। आजम खान के साथ जिस तरह का व्यवहार और कथित उत्पीड़न हुआ, वह निंदनीय है। सरकार को राजनीतिक विद्वेष की भावना से काम नहीं करना चाहिए।
बृजेश गुप्ता ने कहा कि आजम खान जनता के बीच जाकर अपने साथ हुए घटनाक्रम और अपनी पीड़ा को साझा करेंगे।
बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में आमिर जायसवाल, बुद्ध, बृजलाल तिवारी, दिलीप पाल, रमेश पांडेय, विजय गुप्ता, उमेश चौहान, संतोष यादव, मुकीम खान, मुन्नी पटेल, रूपेश कुमार, शकीरा, रहीम रब्बानी शाह, कन्हैया मोदनवाल, संजय जायसवाल, डब्लू रावत और मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।