बांदा। जसपुरा कस्बे के भुरवा नाले में मंगलवार शाम करीब 22 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर में गोली लगी थी। शव के पास देशी तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस मिलने से पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जता रही है। हालांकि, युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है और मौत की असली वजह भी स्पष्ट नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम भुरवा नाले की ओर गए ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में सीओ सदर प्रतीक्षा सिंह और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

थाना प्रभारी के मुताबिक, युवक के सिर में गोली लगी है। घटनास्थल से देशी तमंचा, एक खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस युवक को बाहरी बता रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

एक किलोमीटर दूर मिला था युवती का शव, 10 महीने बाद भी पहचान नहीं

भुरवा नाले में युवक का शव मिलने के बाद करीब एक किलोमीटर दूर तरौड़ा गांव के जंगल में 10 माह पहले मिले अज्ञात युवती के शव का मामला भी फिर चर्चा में आ गया है। बीती 24 फरवरी को जंगल में जानवर चरा रहे चरवाहों ने युवती का शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। घटना को करीब 10 माह बीत जाने के बावजूद युवती की पहचान नहीं हो सकी है।

दोनों घटनास्थलों के बीच कम दूरी होने के कारण क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह के संबंध की पुष्टि नहीं की है। वहीं, युवक का शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस के देरी से पहुंचने को लेकर ग्रामीणों ने भी नाराजगी जताई है। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान और मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।