हरदोई। रबी सीजन में डीएपी खाद की मांग के बीच हरदोई के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। शनिवार, 14 नवंबर को एचयूआरएल कंपनी की 500 मीट्रिक टन डीएपी जनपद पहुंच गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर रैक प्वाइंट से खाद को विभिन्न सहकारी समितियों के लिए भेज दिया गया, ताकि किसानों को बुवाई के समय उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा सके।
सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता एएन सिंह ने बताया कि रबी सीजन में किसान तेजी से बुवाई कर रहे हैं। ऐसे में डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्राप्त 500 मीट्रिक टन खाद को सहकारी समितियों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे किसानों को खाद मिलने में राहत मिल सके।