मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए शनिवार को विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने तीन नए संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इन तीनों सड़कों के निर्माण पर कुल 4 करोड़ 5 लाख 7 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

निर्माण कार्यों में चन्दौसी मार्ग पर नर्सरी के पास से राज फार्म हाउस होते हुए नूरपुर की मिलक तक 1.10 किलोमीटर लंबी सड़क शामिल है। इसके अलावा ग्राम नानपुर में भूकन के घर से कुंदरकी-बिलारी हाईवे तक एक किलोमीटर तथा ग्राम उदयपुर चंदन में जूनियर हाईस्कूल से बसेरा खास पीडब्ल्यूडी रोड तक एक किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास कराना उनका संकल्प है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़कें बनने से किसानों, विद्यार्थियों और आमजन को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का कोई भी गांव विकास से अछूता नहीं रहेगा। जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बबलू जाटव, जिला मंत्री ज्योति वाल्मीकि, ब्रजेश लोधी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रविंद सिंह रैदास, शोएब खान, विजेंद्र चौधरी सहित सैकड़ों ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।