बांदा। फरियादियों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण करने के उद्देश्य से आयोजित समाधान दिवस जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी के चलते महज औपचारिकता बनकर रह गया। शनिवार को नरैनी तहसील क्षेत्र के गिरवां थाने में आयोजित समाधान दिवस में तहसील स्तर का कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं रहा। अधिकारियों की कुर्सियां खाली पड़ी रहीं और फरियादी अपनी समस्याएं लेकर इधर-उधर भटकते रहे।

जानकारी के अनुसार, समाधान दिवस में जिला स्तर से नामित प्रभारी अधिकारी की मौजूदगी अनिवार्य होती है, लेकिन शनिवार को गिरवां थाने में कोई भी तहसील स्तरीय अधिकारी नहीं पहुंचा। ऐसे में जमीन संबंधी विवादों के निस्तारण की उम्मीद लेकर पहुंचे फरियादियों को निराशा हाथ लगी।

बड़ोखर बुजुर्ग निवासी रामकिशोर कुशवाहा और संजय शुक्ला के बीच जमीन संबंधी विवाद का मामला भी अधिकारियों की अनुपस्थिति के चलते निस्तारित नहीं हो सका। समाधान दिवस में उपनिरीक्षक भानु प्रताप और संबंधित हल्का लेखपाल मौजूद रहे, जिन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। वहीं लाला कुशवाहा और राजाराम प्रजापति के जमीन संबंधी विवाद को भी उपनिरीक्षक ने देखा।

इसके अलावा अजीतपुर, गिरवां, मोरवा और पैगंबरपुर सहित अन्य गांवों से भी फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। लेकिन तहसील स्तरीय अधिकारी के न होने से कई मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी और फरियादियों को निराश होकर लौटना पड़ा।

बताया गया कि गिरवां थाना प्रभारी सुरेश कुमार सैनी का बीती रात स्थानांतरण हो गया था। शनिवार को वह अपनी रवानगी की प्रक्रिया में व्यस्त रहे। ऐसे में समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।