लखीमपुर खीरी। मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रविवार को जिलेभर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए गए। अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह स्वयं बूथों पर पहुंचे। उन्होंने 140-श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ से सीधे संवाद किया और नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति जानी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। कैंप में प्राप्त फॉर्म-6 के आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग उसी दिन सुनिश्चित की जाए, ताकि आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रविवार को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप लगाए गए। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चले इन कैंपों में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान का अधिकार पाने जा रहे युवाओं को नाम दर्ज कराने का अवसर दिया गया। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया गया।

श्रीनगर विधानसभा के कई बूथों पर पहुंचे डीएम

अभियान की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने तहसील सदर के विधानसभा क्षेत्र 140-श्रीनगर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परिषदीय विद्यालय कोरैया जंगल में बूथ संख्या 114, 115 और 116, धसरापुर में बूथ संख्या 112 और 113 तथा बौठा में बूथ संख्या 89 और 90 पर पहुंचकर पंजीकरण कार्यों का जायजा लिया।

इस दौरान डीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से प्राप्त फॉर्म-6 की संख्या, नए मतदाताओं के पंजीकरण और आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से अभियान में आ रही समस्याओं के बारे में भी पूछा।

धसरापुर में बीएलओ नीलम देवी शर्मा, शर्मा देवी वर्मा तथा सुपरवाइजर आशीष सिन्हा के कार्यों की सराहना करते हुए डीएम ने उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक से अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाने में बूथ स्तर के कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

आवेदन प्राप्त होते ही करें ऑनलाइन फीडिंग

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देशित किया कि कैंप में प्राप्त प्रत्येक फॉर्म-6 की ऑनलाइन फीडिंग उसी दिन कराई जाए। किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि बूथ क्षेत्र में ऐसे सभी पात्र नागरिकों और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।

डीएम ने अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से छूटने न पाए।

एसडीएम और नोडल अधिकारियों ने भी संभाली जिम्मेदारी

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिले के सभी उप जिला मजिस्ट्रेटों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर विशेष पंजीकरण कैंपों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बीएलओ से अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।