पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत रविवार को विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान में लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित एसडीएम और लेखपालों को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथों पर चल रहे मतदाता पंजीकरण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों से प्राप्त आवेदनों तथा उनके निस्तारण की स्थिति के बारे में पूछताछ की। कई जगहों पर अभियान की गति और जागरूकता संबंधी कार्यों में कमी मिलने पर अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी। डीएम ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए। विशेष रूप से एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और महिला मतदाताओं का पंजीकरण प्राथमिकता से कराया जाए। इसके साथ ही फॉर्म-6, 7 और 8 का नियमानुसार पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता से अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
गौरतलब है कि जिले में 17 नवंबर से शुरू पुनरीक्षण अभियान चार जनवरी 2027 तक चलेगा। 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। जनपद के सभी 1673 मतदेय स्थलों पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। डीएम ने नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन करने की अपील की।