लखीमपुर खीरी। गोला थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय बालिका अल्फीजा की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीशान पुत्र स्वर्गीय मासूक अली, निवासी मोहल्ला इस्लामनगर, थाना गोला, जिला खीरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए जाने का बताया गया ईंट का टुकड़ा भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर 2026 को गोला थाना पुलिस ने आरोपी जीशान को गोला-अलीगंज रोड पर विलियम गंज मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर मून लाइट भट्टे के पास हीरालाल के खेत से ईंट का टुकड़ा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद वस्तु को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
9 नवंबर को लापता हुई थी आठ वर्षीय अल्फीजा
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को सुलेमान पुत्र रोज अली निवासी इस्लामनगर, गोला ने अपनी आठ वर्षीय पुत्री अल्फीजा के लापता होने की सूचना दी थी। शिकायत के मुताबिक, बालिका 9 नवंबर को दोपहर करीब 3:45 बजे लापता हुई थी। इस संबंध में गोला थाने में मुकदमा अपराध संख्या 441/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले सुरागों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
न्यायालय भेजा गया आरोपी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है और बरामद साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
इस घटना से गोला क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।