गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों और युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में आयोजित फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि पदक जीतने वाले 500 से अधिक खिलाड़ियों को खेल नीति के तहत विभिन्न विभागों में रोजगार दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को केवल सम्मान और पुरस्कार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें बेहतर भविष्य और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने बताया कि एक माह के भीतर 500 पदक विजेता खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस सहित अन्य विभागों में नियुक्ति देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
निजी खेल अकादमियों को भी सरकार देगी सहयोग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निजी खेल अकादमियों को लेकर भी सरकार की नीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि जो निजी खेल अकादमियां युवाओं को प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ा रही हैं, सरकार उन्हें भी हरसंभव सहयोग देगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए हर गांव में खेल मैदान, प्रत्येक विकासखंड में मिनी स्टेडियम, हर जिले में स्टेडियम और मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
खेल युवाओं को नशे और गलत गतिविधियों से दूर रखेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल संस्कृति के विस्तार से युवा नशे और गलत गतिविधियों से दूर रहेंगे। उन्होंने युवाओं के जीवन के साथ खिलवाड़ करने वाले लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं के जीवन से खेलने वाले माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश में खेल संस्कृति में बड़ा बदलाव आया है। अब भारत के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
कॉमनवेल्थ में यूपी के खिलाड़ियों ने जीते तीन पदक
मुख्यमंत्री ने बताया कि कॉमनवेल्थ में हिस्सा लेने वाले उत्तर प्रदेश के नौ खिलाड़ियों में से तीन खिलाड़ियों ने देश के लिए पदक जीते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। मेरठ में प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वहां पाठ्यक्रम और प्रतियोगिताएं शुरू हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा इन अवसरों का लाभ उठाएं और वर्ष 2030 में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को कोई प्रतिभावान खिलाड़ी पीछे नहीं रहना चाहिए।
‘खेलो इंडिया, फिट इंडिया’ को बढ़ावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘खेलो इंडिया, फिट इंडिया’ के संदेश को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सांसद और विधायक स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं तथा ग्रामीण लीग के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के सम्मान, रोजगार और प्रशिक्षण के साथ-साथ खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी काम कर रही है। सरकार की इन पहलों से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।