लखनऊ, 26 अगस्त 2026: वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं पूर्व मंत्री भगवती सिंह की 94वीं जयंती समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में सादगी के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भगवती सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अखिलेश यादव ने भगवती सिंह के संघर्षपूर्ण राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि वे जीवनभर समाजवादी विचारधारा से जुड़े रहे। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया के आह्वान पर विभिन्न आंदोलनों में भाग लिया और संघर्ष के दौरान जेल की यातनाएं भी सहीं।
भगवती सिंह के नाम पर बनेगा पार्क या स्मारक
अखिलेश यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय की स्थापना के संकल्प के साथ यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो वरिष्ठ समाजवादी नेताओं की स्मृति में कार्य किए जाएंगे। इसी क्रम में भगवती सिंह के नाम पर पार्क या स्मारक का निर्माण भी कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे स्मारक नई पीढ़ी को समाजवादी आंदोलन के संघर्ष, विचारधारा और सामाजिक न्याय के लिए किए गए योगदान से परिचित कराने का काम करेंगे।
बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
जयंती कार्यक्रम में वरिष्ठ कवि एवं पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, पूर्व सांसद अरविन्द सिंह गोप, पूर्व विधायक महेन्द्र कुमार सिंह, गोमती यादव, राजेन्द्र यादव, पूर्व एमएलसी शशांक यादव सहित कई नेताओं ने भगवती सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन देवी बख्श सिंह एडवोकेट ने किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भगवती सिंह के समाजवादी आंदोलन में योगदान, संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया तथा उनके विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


