Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कृषि विभाग के नवचयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों और मंडी परिषद के 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए।
6 महीने में 1 लाख नियुक्तियों का लक्ष्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कभी एक लाख सरकारी नौकरियां देना कल्पना माना जाता था, लेकिन अब सरकार अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने जा रही है।
उन्होंने बताया कि कई भर्ती परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं और परिणाम की प्रक्रिया चल रही है। सरकार का लक्ष्य भर्ती प्रक्रिया को तेज करते हुए युवाओं को जल्द नियुक्ति देना है।
‘बिना सिफारिश और लेनदेन के मिल रही नौकरी’
योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले युवाओं को नौकरी के लिए भटकना पड़ता था और भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के आरोप लगते थे।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में बिना सिफारिश और लेनदेन के नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब तक 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
भर्ती माफिया पर कार्रवाई का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नकल माफिया और भर्ती प्रक्रिया में सक्रिय माफिया के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी थी, जिसके कारण युवाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
योगी ने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के साथ समयबद्ध करने पर भी जोर दिया है।
‘एक महीने में विज्ञापन, तीन महीने में परीक्षा’
मुख्यमंत्री ने भर्ती आयोगों और बोर्डों को समयसीमा के अनुसार काम करने के निर्देशों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अधियाचन आने के बाद एक महीने में विज्ञापन, तीन महीने में परीक्षा और छह महीने में नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि भर्ती आयोगों और बोर्डों को स्वतंत्र रूप से काम करने की छूट दी गई है और सरकार उनके काम में हस्तक्षेप नहीं करती।
यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर भी बोले CM
योगी आदित्यनाथ ने यूपी बोर्ड की परीक्षा व्यवस्था में बदलाव का उदाहरण देते हुए कहा कि अब प्रदेश के करीब 56 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा 14 दिन में पूरी होती है और इसके अगले 14 दिनों में परिणाम जारी किया जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल पर प्रभावी रोक लगाई है और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाया है।
यूपी में 7 महीने की चीनी का स्टॉक
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चीनी की उपलब्धता को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूपी में एक महीने में करीब 4 लाख टन चीनी की खपत होती है, जबकि प्रदेश में करीब 28 लाख टन चीनी का स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर से चीनी मिलें दोबारा शुरू होंगी और इसके बाद करीब 90 लाख टन चीनी का उत्पादन होने की उम्मीद है।
‘यूपी 140 करोड़ लोगों का पेट भरने में सक्षम’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश केवल अपनी करीब 25 करोड़ आबादी का ही नहीं, बल्कि देश की करीब 140 करोड़ आबादी का पेट भरने की क्षमता रखता है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र और कृषि निदेशक त्र्यंबक मणि त्रिपाठी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


