बांदा। जनगणना को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पैलानी तहसील की नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रीति तिवारी ने कार्यभार संभालते ही गांवों का भ्रमण शुरू कर दिया है। उन्होंने सिंघन कलां और खपटिहा कलां गांव पहुंचकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को स्वगणना के प्रति जागरूक किया और इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
एसडीएम प्रीति तिवारी ने कहा कि स्वगणना केवल जनगणना की प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भागीदारी है। उन्होंने बताया कि स्वगणना का कार्य 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगा। अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए तहसील क्षेत्र में होर्डिंग लगवाए जा रहे हैं और मुनादी कराकर व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने मोबाइल फोन पर जनगणना निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट sc.census.gov.in के माध्यम से स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करें और अपने परिवार से संबंधित सही जानकारी दर्ज करें। इससे जनगणना के आंकड़ों को व्यवस्थित और सटीक बनाने में मदद मिलेगी।
पैलानी तहसील में लगाए गए 58 सुपरवाइजर
एसडीएम ने बताया कि पैलानी तहसील के सभी गांवों में निगरानी और सहयोग के लिए 58 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। ये सुपरवाइजर प्रतिदिन गांवों में पहुंचकर स्वगणना अभियान की प्रगति पर नजर रखेंगे और ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराएंगे।
इसी क्रम में एसडीएम प्रीति तिवारी ने खपटिहा कलां गांव पहुंचकर ग्रामीणों के मोबाइल फोन में स्वगणना से संबंधित ऐप डाउनलोड करवाया। उन्होंने ग्रामीणों को पूरी प्रक्रिया समझाई और स्वगणना का कार्य भी पूरा कराया।
प्रशासन का उद्देश्य है कि तहसील क्षेत्र का कोई भी परिवार स्वगणना से वंचित न रहे और सभी परिवार अपनी सही जानकारी दर्ज कर जनगणना अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करें।