कुशीनगर : जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सेंट ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, कुशीनगर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के तत्वावधान में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत हुए इस कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन और केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

सरकारी योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया बताई

जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने की। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उनकी पात्रता और आवेदन प्रक्रिया समझाई।

इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया गया।

महिला और बाल सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

कार्यक्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीति सिंह ने महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या जरूरत के समय चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और एंबुलेंस सेवा 108 व 102 पर संपर्क किया जा सकता है।

बाल विवाह और दहेज प्रथा के दुष्परिणामों पर किया जागरूक

वंदना कुशवाहा ने बाल विवाह और दहेज प्रथा से होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इसके लिए परिवारों और युवाओं को जागरूक करना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए। उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूक करें। साथ ही पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।

सैकड़ों प्रशिक्षणार्थियों ने बाल विवाह मुक्त भारत की ली शपथ

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक विजय कुमार मिश्र, फैकल्टी विभाग से विभाकर मिश्रा, जूनियर फैकल्टी दुर्गेश मिश्र, कार्यालय सहायक पवन कुमार एवं पवन कुशवाहा तथा ट्रेनर चंद्रशेखर मिश्र सहित सैकड़ों प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर नलिन सिंह ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ दिलाई। सभी ने जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।