लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को लखनऊ में गोमती नदी में भारतीय मेजर कार्प मछलियों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित रिवर रैंचिंग एवं जनजागरूकता कार्यक्रम में सपत्नीक सहभागिता की। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पोषित इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य गोमती नदी में मछलियों के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना और नदी संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि नदियां हमारी जीवनरेखा और प्राकृतिक धरोहर हैं। गोमती नदी की निर्मल धारा, जलीय जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन को संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नदी संरक्षण, जलीय जीवों की सुरक्षा और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के विशेष सचिव सुनील कुमार, संयुक्त निदेशक अनिल कुमार, संयुक्त निदेशक प्रशासन अरुण कुमार, उप निदेशक मुख्यालय पुनीत कुमार, उप निदेशक नियोजन एजाज अहमद नकवी, उप निदेशक सांख्यिकी उग्रसेन सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।