बांदा। जिले में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कराए गए पौधरोपण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। पौधरोपण स्थलों के भौतिक सत्यापन में अब तक महज 10 प्रतिशत कार्य पूरा होने पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अजय कुमार पाण्डेय ने नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित विभागों को सत्यापन कार्य जल्द पूरा करने और जहां पौधे सूख गए हैं या नष्ट हो गए हैं, वहां नए पौधे लगाने के निर्देश दिए।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें जिले में पौधरोपण की प्रगति, पौधों की जीवितता, स्थलों के भौतिक सत्यापन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।
10 प्रतिशत सत्यापन पर सीडीओ ने जताई नाराजगी
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि जिले में पौधरोपण का भौतिक सत्यापन अभी तक केवल 10 प्रतिशत ही हो पाया है। इस पर सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने विभागों द्वारा कराए गए पौधरोपण का सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों को जीवित रखना भी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। जहां पौधे सूख गए हैं या नष्ट हो गए हैं, वहां उनके स्थान पर नए जीवित पौधे लगाए जाएं, ताकि पौधों का जीवितता प्रतिशत निर्धारित मानकों के अनुरूप बना रहे।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि सत्यापन और पौधों की देखरेख में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बायो मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण पर जोर
बैठक में अस्पतालों और पशु चिकित्सा संस्थानों से निकलने वाले बायो मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण का मुद्दा भी उठा। सीडीओ ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को मेडिकल कचरे का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि उनके विभाग से मेडिकल वेस्ट की मात्रा बहुत कम निकलती है, इसलिए इसकी आवश्यकता नहीं है।
नदियों के किनारे 50 ग्राम पंचायतों में बढ़ेगी जैविक खेती
पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा हुई। जिला कृषि अधिकारी को अवगत कराया गया कि जनपद की नदियों के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाली 50 ग्राम पंचायतें जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए चिन्हित की गई हैं।
सीडीओ ने इन ग्राम पंचायतों की मैपिंग का कार्य पूरा करने और आगामी बैठक में वहां उगाई जाने वाली फसलों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सड़क किनारे कूड़े के निस्तारण का उठा मुद्दा
बैठक में विकासखंड बिसंडा में सड़क किनारे करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैले कूड़ा-कचरे का मामला भी सामने आया। लोक निर्माण विभाग खंड-1 के अधिशासी अभियंता ने कूड़े की सफाई के लिए अधिशासी अधिकारी बिसंडा को निर्देशित करने का अनुरोध किया।
इस पर अवगत कराया गया कि विभागीय सफाई नायक की सहमति से उसकी लगभग दो बीघा निजी भूमि पर कूड़ा-कचरे का निस्तारण किया जा रहा है।
प्रतिबंधित प्लास्टिक पर छापेमारी और जुर्माने के निर्देश
सीडीओ ने नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अधिक से अधिक छापेमारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिबंधित प्लास्टिक की जब्ती और नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई तेज करने को कहा।
बंदरों और आवारा कुत्तों से राहत दिलाने पर भी जोर
बैठक में बंदरों और आवारा कुत्तों से आमजन को होने वाली परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया। सीडीओ ने बंदरों को उचित स्थान पर छोड़ने के साथ ही आवारा कुत्तों के प्रबंधन के लिए भी समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और डॉग बाइट की घटनाओं की आशंका कम हो।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।