कर्नलगंज/हलधरमऊ, गोंडा। विकासखंड हलधरमऊ अंतर्गत गोण्डा-लखनऊ हाईवे से चकसनिया संपर्क मार्ग पर सोनहरा डीहा गांव के पास नाले पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त होकर हादसों को न्योता दे रही है। पुलिया की हालत इतनी खराब है कि यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों की ओर से अब तक समस्या का समाधान नहीं किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के आसपास सड़क की स्थिति भी जोखिम भरी है। खासकर यहां बने अंधे मोड़ के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। ऐसे में क्षतिग्रस्त पुलिया से गुजरते समय किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।

अंधे मोड़ के कारण बढ़ा दुर्घटना का खतरा

सोनहरा गांव के प्रधान प्रमोद पांडेय ने बताया कि पुलिया के पास सड़क पर अंधा मोड़ है, जहां सामने से आने वाले वाहन आसानी से दिखाई नहीं देते। पुलिया पहले से क्षतिग्रस्त है, ऐसे में वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि पुलिया की मरम्मत के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जाएगी, ताकि समय रहते समस्या का समाधान हो सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से की जल्द मरम्मत की मांग
पुलिया की बदहाल स्थिति और जिम्मेदार अधिकारियों की कथित उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीण आशुतोष मिश्रा दर्शन, दुर्गा प्रसाद, बलराम मिश्रा, अजय मिश्र, रोहित तिवारी, जितेंद्र तिवारी और कमल कुमार शुक्ला सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है और राहगीरों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।