बांदा। कमासिन कस्बे के बाजार में भीड़ के बीच अकेले रो रही दो वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर उसके परिजनों से मिलाकर परिवार के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की तत्परता एवं संवेदनशीलता की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को थाना कमासिन की मिशन शक्ति टीम बाजार क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के मद्देनजर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर भीड़ के बीच अकेले रो रही एक मासूम बच्ची पर पड़ी। टीम ने तत्काल बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और प्यार से बातचीत कर उसके परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। हालांकि, कम उम्र होने के कारण बच्ची अपना नाम और पता नहीं बता सकी।
महिला हेल्पडेस्क पर बैठाकर शुरू की परिजनों की तलाश
इसके बाद पुलिस टीम बच्ची को थाने लेकर पहुंची और महिला हेल्पडेस्क पर बैठाकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और बच्ची के परिवार का पता लगाने के लिए खोजबीन शुरू की।
करीब दो घंटे की लगातार कोशिशों के बाद पुलिस को बच्ची के परिजनों का पता चल गया। इसके बाद उन्हें थाने बुलाया गया। बच्ची द्वारा माता-पिता की पहचान किए जाने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्ची को पाकर छलकी परिजनों की खुशी
अपनी मासूम बच्ची को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने पुलिस टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत यह कार्रवाई की गई।
बच्ची को परिजनों से मिलाने वाली टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी गुप्ता, हेड कांस्टेबल सत्येंद्र कुमार और महिला कांस्टेबल ममता गुप्ता शामिल रहीं। पुलिस की इस पहल से एक बार फिर परिवार के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।