आर्यनगर, गोण्डा। कौड़िया थाना पुलिस ने कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से करीब तीन लाख रुपये की ठगी करने के मामले में लंबे समय से वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर यूके फिन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड नाम से कथित फर्जी कंपनी बनाकर लोगों को कम ब्याज पर ऋण दिलाने का लालच दिया और फाइल चार्ज, प्रोसेसिंग फीस तथा बीमा के नाम पर रुपये वसूल लिए। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक गोण्डा के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज के निर्देशन में थाना प्रभारी कौड़िया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, सितंबर 2023 में आरोपियों ने कौड़िया रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले राहुल कुमार मिश्रा को कंपनी में एजेंट की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। विश्वास जीतने के लिए उसे कथित तौर पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। इसके बाद आसपास के करीब 20 से 25 लोगों को कंपनी के फर्जी ऑफर लेटर दिखाकर कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा दिया गया और उनसे फाइल चार्ज, प्रोसेसिंग फीस व बीमा के नाम पर लगभग तीन लाख रुपये ऐंठ लिए गए।

इस मामले में वादी की तहरीर पर कौड़िया थाने में मुकदमा अपराध संख्या 224/2024 के तहत धोखाधड़ी, कूटरचना, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल, गाली-गलौज, धमकी और आपराधिक षड्यंत्र समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुराद अली (35) पुत्र वली मोहम्मद, निवासी ग्राम राजपुर, गढ़मुक्तेश्वर, थाना सिम्भावली, जनपद हापुड़ तथा वर्तमान पता असलातपुरा, थाना सिविल लाइंस, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है। उसे गोण्डा-लखनऊ मार्ग पर कर्नलगंज तहसील जाने वाली सड़क के किनारे से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में दुबहा बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गोलू कुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल कमलेश यादव और हेड कांस्टेबल बलविंदर सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य तथ्यों की जांच और विधिक कार्रवाई आगे भी जारी है।
रिपोर्टः श्री प्रकाश शुक्ला (ब्लॉक संवाददाता, रूपईडीह)