बांदा : बाल विवाह और बालश्रम जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के उद्देश्य से ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान ने जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से जिले में व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर विभिन्न गांवों में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

रैली और जनसभाओं के जरिए लोगों को किया जा रहा जागरूक

अभियान के तहत गांवों में रैली, जुलूस, मशाल मार्च, जनसभाएं, शपथ समारोह और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने के लिए आगे आने की अपील की जा रही है। अभियान में अभिभावकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

बाल विवाह और बालश्रम से जुड़े कानूनों की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक विनोद ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बालश्रम से संबंधित कानूनी प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि किसी बच्चे के साथ बाल विवाह या बालश्रम जैसी स्थिति सामने आने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 पर सूचना दी जा सकती है।

बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ता है असर

जिला समन्वयक ने कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति नहीं है, बल्कि इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य पर गंभीर असर पड़ता है। इसे रोकना सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है।

उन्होंने बताया कि संस्थान का उद्देश्य बाल विवाह मुक्त भारत का निर्माण करना और प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, शिक्षित एवं बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना है। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने और इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने का संकल्प दिलाया जा रहा है।