बाराबंकी : पल्हरी स्थित उपनिदेशक कृषि कार्यालय के सभागार में विश्व मत्स्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सैकड़ों प्रगतिशील मत्स्य पालकों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह ने मत्स्य पालकों से सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उठाकर मछली उत्पादन बढ़ाने और जनपद व प्रदेश को आगे ले जाने का आह्वान किया।
मत्स्य पालकों की समस्याएं सुनकर समाधान का दिया आश्वासन
मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा ने मत्स्य किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान गोरखपुर और लखनऊ में मछली की बिक्री के समय मंडी समिति से जुड़ी आ रही बाधाओं का मुद्दा उठाया गया। सीडीओ ने इन समस्याओं को दूर कराने का आश्वासन दिया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी अच्छे लाल निषाद ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने मत्स्य पालकों को उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
20 से अधिक लाभार्थियों को बांटे गए प्रमाणपत्र और अनुदान चेक
कार्यक्रम में दिवाकर सिंह, रमेश चंद्र और नीरज कुमार ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 20 से अधिक लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और अनुदान चेक वितरित किए गए।
समारोह में उमेश कुमार साहू, मोहम्मद आफाक खान, हेमंत कुमार, वंशराज वर्मा, विवेक निगम सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में मत्स्य पालक मौजूद रहे।