बांदा। किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में जल्द ही डायलिसिस की चौथी यूनिट शुरू होने जा रही है। इसके लिए नई मशीन खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। नई यूनिट शुरू होने से बांदा के अलावा चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती छतरपुर व पन्ना जिलों के मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी। इससे मरीजों को डायलिसिस के लिए कानपुर और प्रयागराज जैसे बड़े शहरों की दौड़ लगाने से काफी हद तक छुटकारा मिल सकेगा।

मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में डायलिसिस की तीन यूनिट संचालित हैं। यहां प्रतिदिन पांच से सात मरीजों की डायलिसिस की जा रही है। हर महीने करीब 200 मरीज इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। खास बात यह है कि सरकारी व्यवस्था के तहत मरीजों को महज 399 रुपये में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि गरीब और असहाय मरीजों का उपचार निशुल्क किया जा रहा है। वहीं निजी अस्पतालों में एक बार की डायलिसिस पर पांच से दस हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं।

कोरोना काल में शुरू हुई थी पहली यूनिट, अब चौथी मशीन की तैयारी

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुनील कौशल ने बताया कि वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान यहां पहली डायलिसिस यूनिट शुरू की गई थी। मरीजों की बढ़ती जरूरत को देखते हुए वर्ष 2026 तक यूनिटों की संख्या बढ़ाकर तीन कर दी गई। अब चौथी मशीन खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। इसके शुरू होने से मरीजों को और बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि मरीजों की सुरक्षा और संक्रमण से बचाव के लिए प्रत्येक मरीज पर अलग डायलाइजर का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा शुद्ध पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बड़ा आरओ प्लांट लगाया गया है, जो एक साथ पांच से छह मशीनों को संचालित करने में सक्षम है।

सुबह आठ से रात दस बजे तक मरीजों को मिल रही सुविधा

डायलिसिस यूनिट की प्रभारी अपर्णा मिश्रा ने बताया कि तीन टेक्नीशियन और तीन नर्सों की टीम सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक मरीजों की सेवा में जुटी रहती है। निर्धारित समय के अनुसार मरीजों को डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

कानपुर जाने से मिली राहत, बांदा में ही करा रहे सप्ताह में दो बार डायलिसिस

बिसंडा क्षेत्र के बिलबई गांव निवासी विष्णु ने बताया कि दवाओं के रिएक्शन के चलते उनके परिजन सरवन के गुर्दे खराब हो गए थे। शुरुआत में उन्हें उपचार के लिए कानपुर जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों खर्च होते थे। अब सप्ताह में दो बार बांदा मेडिकल कॉलेज में ही डायलिसिस करा रहे हैं। इससे परिवार को काफी राहत मिली है और आने-जाने के खर्च में भी बचत हो रही है।

चौथी डायलिसिस यूनिट शुरू होने से क्षेत्र के अधिक मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे बुंदेलखंड के साथ मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के मरीजों को भी लाभ मिल सकेगा।