हरदोई। कलेक्ट्रेट कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान अलग-अलग विभागों से संबंधित कुल 107 शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और पीड़ितों को समय से न्याय दिलाया जाए।

जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। डीएम ने शिकायतों को सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को उनके प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पीड़ितों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अधिकारी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए फरियादियों को न्याय दिलाना सुनिश्चित करें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।