कुशीनगर। जनपद के रामलीला मैदान तमकुहीराज में उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मिलेट्स कार्यशाला, मेला एवं प्रदर्शनी के दूसरे दिन शनिवार को किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। कार्यशाला में श्री अन्न (मिलेट्स), प्राकृतिक खेती, दलहनी फसलों एवं उन्नत गन्ना उत्पादन से जुड़ी उपयोगी जानकारियां विशेषज्ञों ने साझा कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
श्री अन्न की खेती से बढ़ेगी किसानों की आय और पोषण सुरक्षा
विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं। किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्री अन्न पोषक तत्वों, फाइबर, कैल्शियम एवं खनिज पदार्थों से भरपूर है। इसकी खेती को बढ़ावा देने से किसानों की आय बढ़ाने के साथ ही पोषण सुरक्षा भी मजबूत होगी। उन्होंने किसानों से मोटे अनाज की खेती अपनाने की अपील की।
कृषि विशेषज्ञों ने दी फसल सुरक्षा और प्राकृतिक खेती की जानकारी
उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से पराली नहीं जलाने और फसल बीमा कराने की अपील की। कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया सेवरही की वैज्ञानिक ऋद्धि वर्मा ने मिलेट्स की खेती और उसके पोषण संबंधी महत्व के बारे में बताया।
वरिष्ठ प्राविधिक सहायक लक्की तिवारी ने रबी फसलों में कीट एवं रोगों से बचाव के उपाय बताए। वहीं खंड तकनीकी प्रबंधक बांकेलाल भूषण ने प्राकृतिक खेती के बारे में जानकारी दी। सहायक विकास अधिकारी (कृषि रक्षा) डॉ. वेंकट रमण पाण्डेय ने दलहनी फसलों में रोग एवं कीट नियंत्रण के तरीके समझाए।
पशुपालन और उन्नत गन्ना उत्पादन पर भी हुआ मंथन
उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विजय कुमार यादव ने पशुपालन के माध्यम से किसानों को अतिरिक्त आय अर्जित करने के तरीकों की जानकारी दी। वहीं बाबू गेंदा सिंह गन्ना प्रजनन एवं अनुसंधान संस्थान, सेवरही के संयुक्त निदेशक डॉ. सुभाष सिंह ने उन्नत गन्ना उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों से किसानों को अवगत कराया।
कार्यक्रम का संचालन विषय वस्तु विशेषज्ञ जमालुद्दीन अंसारी ने किया। इस दौरान डॉ. संध्या मिश्रा, केशव पाण्डेय, मनोज राय, पारसनाथ, संजय गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
अंत में उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने अतिथियों एवं किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यशाला के तीसरे दिन के कार्यक्रम में भी अधिक से अधिक किसानों से सहभागिता करने की अपील की।