बांदा। कुरसेजा पुलिस चौकी के पास गुरुवार दोपहर गिट्टी लदे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के सैमरी गांव निवासी निखिल (20) पुत्र राजाबाबू गुरुवार दोपहर बाइक से बांदा आ रहा था। कुरसेजा पुलिस चौकी के पास फतेहपुर की ओर जा रहे गिट्टी लदे ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे ऑटो से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बाइक में बांध रखा था हेलमेट
मृतक के चाचा विजय शंकर ने बताया कि निखिल किसी काम से बांदा आ रहा था। उसने हेलमेट सिर पर पहनने के बजाय बाइक के पीछे बांध रखा था। उनका कहना था कि यदि निखिल हेलमेट पहने होता तो शायद सिर में गंभीर चोट से बच सकता था और उसकी जान बच जाती।
पुलिस ने ऑटो से उतरवाई सवारियां
ऑटो चालक बृजेश ने बताया कि वह सवारियां लेकर बांदा जा रहा था। रास्ते में पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर ऑटो में बैठी सवारियों को उतार दिया और बस से रवाना कराया। चालक के मुताबिक, सवारियों ने उसे किराया भी नहीं दिया।
उधर, पुलिस ने हादसे के बाद मौके से भाग रहे ट्रक चालक को पकड़ लिया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।